नोएडा। सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के नवें दिन मंगलवार को रावण दरबार में अंगद की चुनौती और विभिन्न युद्धाभ्यास के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी एन.के. सिंह, पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी पी.के. अग्रवाल और गौतमबुद्धनगर के पूर्व एडीएम एलआर बच्चू सिंह ने दीप प्रज्वलन कर की।
समिति के पदाधिकारियों ने इस दौरान सभी अतिथियों और गणमान्य नागरिकों को अंगवस्त्रम ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल, महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतारायण गोयल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, अनिल गोयल, एस.एम. गुप्ता और बजरंगलाल गुप्ता सहित समिति के तमाम प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
अंगद की चुनौती और लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध का सजीव मंचन
लीला के पहले दृश्य में अंगद रावण की सभा में पहुंचकर माता सीता को सकुशल लौटाने और प्रभु श्रीराम की शरण में आने का आह्वान करते हैं। अहंकार के वश में रावण जब अंगद का उपहास उड़ाता है, तब अंगद अपना पैर रणभूमि में रोप देते हैं और रावण की सभा का कोई भी योद्धा उसे हिला नहीं पाता है। अंततः जब रावण स्वयं अंगद का पैर पकड़ने उठता है, तो अंगद उसे श्रीराम के शरण में जाने की सलाह देते हैं, जिससे रावण लज्जित होता है।
इसके पश्चात रामसेना लंका पर आक्रमण करती है और रावण अपने पुत्र मेघनाद को युद्ध के लिए भेजता है। मेघनाद के शक्ति प्रहार से लक्ष्मण मूर्छित हो जाते हैं, जिन्हें हनुमान जी द्वारा लाई गई संजीवनी बूटी से पुनः होश आता है। लक्ष्मण होश में आने के बाद मेघनाद वध की प्रतिज्ञा लेते हैं और श्रीराम के निर्देशानुसार रणभूमि में मेघनाद का वध करते हैं। इसके बाद रावण कुंभकरण को नींद से जगाता है, जिसके पराक्रम से रामसेना में खलबली मचती है, और अंततः भगवान श्रीराम बाणों से प्रहार कर कुंभकरण का वध कर देते हैं।
आगामी कार्यक्रम और दशहरा महोत्सव की तैयारियां
श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता एवं सलाहकार मुकेश गोयल ने बताया कि आगामी 20 अक्टूबर को रामलीला मैदान में श्रीराम-रावण युद्ध, रावण वध, भव्य दशहरा महोत्सव तथा रावण, मेघनाद व कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। इस आयोजन में शहर के हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचकर रामलीला का आनंद ले रहे हैं और सुरक्षा व यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।