नोएडा। जय श्रीराम के जयघोष, ढोल-नगाड़ों की गूंज और सजे हुए रथों के बीच गुरुवार को नोएडा में भगवान श्रीराम की बारात निकाली गई। श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई बारात शहर के विभिन्न सेक्टरों और बाजारों से गुजरते हुए सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पमालाओं और स्वागत के साथ बारात का अभिनंदन किया।
रथों और धार्मिक झांकियों ने खींचा ध्यान
शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने नारियल फोड़कर किया। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, भगवान गणेश, ब्रह्मा जी, भगवान शिव, गुरु वशिष्ठ और महाराजा अग्रसेन की झांकियां रथों और घोड़ों के साथ निकाली गईं। जय श्रीराम के नारों से मार्ग का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कई सेक्टरों में हुआ बारात का स्वागत
हनुमान मंदिर से रवाना हुई बारात सेक्टर-20 और 26 के प्रवेश द्वार, डीएम चौराहा, सेक्टर-19 टेलीफोन एक्सचेंज, हरौला तथा सेक्टर-5, 9, 11, 12, 22, 55 और 56 सहित विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। स्थानीय निवासियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान पहुंची, जहां राजा जनक के स्वागत का मंचन किया गया।












