नोएडा। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन के मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के दौरे के चलते दिल्ली-नोएडा यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सुरक्षा बंदोबस्त के कारण डीएनडी फ्लाईवे पर सुबह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दिल्ली से नोएडा की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।
चार स्तर की सुरक्षा व्यवस्था, कई स्थानों पर जांच
पुलिस ने स्विस राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के लिए चार स्तर की व्यवस्था की गई है। दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा समेत प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है। होटल, ढाबों और धर्मशालाओं में भी सत्यापन अभियान चलाया गया है। इसके अलावा बाहरी और आंतरिक सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
जेवर जाने वाले वाहनों के लिए भी यातायात प्रतिबंध
गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस ने दौरे को देखते हुए पहले ही यातायात परामर्श जारी किया था। इसके तहत सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के संचालन में आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन लागू किया जा रहा है। जेवर और ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।
जेवर एयरपोर्ट का दौरा करेंगे गाय पार्मेलिन
स्विस राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन भारत की 5 से 7 अक्टूबर की यात्रा पर हैं। मंगलवार को वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा कर वहां टर्मिनल, कारोबारी सुविधाओं और कार्गो टर्मिनल समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उनके साथ स्विट्जरलैंड का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे मंगलवार को दिल्ली-नोएडा और जेवर की ओर यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर निकलें और यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन एवं मार्ग संबंधी निर्देशों का पालन करें।











