नई दिल्ली। शनिवार रात हुई बारिश और उसके बाद चली ठंडी हवाओं से राजधानी के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से 2.9 डिग्री कम रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सितंबर में 2001 के बाद यह दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इससे पहले 6 सितंबर 2008 को 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बारिश का असर राजधानी के कई इलाकों में दिखाई दिया। शनिवार शाम से रविवार तड़के तक हुई बारिश में सफदरजंग में 4.9 मिमी, रिज में 6.8 मिमी, लोधी रोड में 5.2 मिमी और पालम में 3.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मयूर विहार में करीब 7 मिमी बारिश दर्ज हुई। बारिश और बादलों के कारण दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम था।
राजधानी के कुछ इलाकों में ठंडक का असर और ज्यादा रहा। रिज मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री, पालम में 19.2 डिग्री और अयानगर में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के अनुसार, पड़ोसी राज्यों में हुई व्यापक बारिश और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते दिल्ली में तापमान में यह गिरावट आई।
हवा हुई साफ
बारिश के साथ दिल्ली की हवा में भी सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार रविवार को राजधानी का 24 घंटे का औसत AQI 53 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। यह इस वर्ष 9 जुलाई के बाद राजधानी का सबसे कम AQI था, जब यह 48 दर्ज किया गया था।
आज बारिश के आसार कम
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री और अधिकतम 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार से आसमान मुख्यतः साफ रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी 23 सितंबर को हो चुकी है। इसके बावजूद हालिया बारिश ने राजधानी में सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम को सामान्य से काफी ठंडा कर दिया है।






